
@ एप्रोच रोड में कटाव के चलते प्रशासन का फैसला, बाबूपुर घाट से कार्गो मूवमेंट पर भी रोक।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। गंगा के बढ़ते जलस्तर और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड में हो रहे कटाव ने नदी के रास्ते आवागमन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बियादा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और जानकी चौक, नवगछिया से संचालित फेरी सेवा में बाइक के आवागमन पर लगी रोक को तीन दिनों के लिए और बढ़ा दिया है।

इस दौरान इन तीनों घाटों से बाइक के साथ फेरी सेवा का संचालन नहीं होगा। हालांकि, पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पहले की तरह जारी रहेगी।
कटाव रोकने में जुटी WRD की टीम:
प्रशासन के अनुसार, गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव की स्थिति बनी हुई है। इससे बाइक से आवागमन में परेशानी हो रही है। कटाव को नियंत्रित करने और स्थिति को संभालने के लिए फ्लड कंट्रोल एवं जल संसाधन विभाग (WRD) की टीम आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।जिला प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
बाबूपुर घाट से कार्गो मूवमेंट भी बंद:
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सबौर के बाबूपुर घाट से कार्गो मूवमेंट पर लगी रोक भी अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी। इस अवधि में घाट से किसी भी प्रकार की कार्गो गतिविधि नहीं होगी।तीन दिन बाद गंगा के जलस्तर और मौके की स्थिति का दोबारा आकलन किया जाएगा। परिस्थितियां अनुकूल मिलने पर कार्गो और फेरी सेवा को फिर से शुरू करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

घाटों पर मेडिकल कैंप से कंट्रोल रूम तक इंतजाम:
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए घाटों पर प्रशासन ने कई व्यवस्थाएं की हैं। मेडिकल कैंप, जीविका दीदी की रसोई, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक प्रतिनिधि, आपदा मित्र और पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।फेरी सेवा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थित आवागमन पर विशेष नजर रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। वैकल्पिक रास्तों और अन्य घाटों पर भी यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।
यात्रियों से बाइक लेकर घाट नहीं आने की अपील:
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगले तीन दिनों तक उक्त तीनों घाटों पर बाइक लेकर नहीं पहुंचें और अपनी यात्रा प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप ही तय करें। पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा चालू रहेगी।किसी समस्या, जानकारी या सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 0641-2402871 पर संपर्क किया जा सकता है।















