
@ पंडित प्रदीप मिश्रा ‘सीहोर वाले बाबा’ करेंगे कथा वाचन, सांसद अजय कुमार मंडल बनाए गए संरक्षक
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर की धरती पर आगामी जनवरी में सात दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। श्री श्री 108 शिव परिवार सेवा समिति, भागलपुर के तत्वावधान में 17 जनवरी से 23 जनवरी 2027 तक होने वाले इस धार्मिक आयोजन में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक एवं भागवत भूषण परम पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा ‘सीहोर वाले बाबा’ श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा का रसपान कराएंगे।

श्री श्री 108 शिव परिवार सेवा समिति की ओर से भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल को आयोजन का संरक्षक बनाया गया है।
संरक्षक बनाए जाने पर सांसद अजय कुमार मंडल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए श्रद्धा और गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की भक्ति से जुड़े इस आयोजन से भागलपुर की धरती पर आध्यात्मिक वातावरण और समृद्ध होगा।
सांसद ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पुनीत आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के शिव भक्तों और श्रद्धालुओं से सात दिवसीय इस दिव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया।
















