
जहान्वी चौक के पास टोटो चालक से पैसे मांगने का वीडियो हुआ था प्रसारित, पुलिस ने दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए शुरू की छापेमारी
नवगछिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जांच के बाद इस्माइलपुर थाना पुलिस ने टोटो चालक से रंगदारी के रूप में पैसे मांगने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान परवत्ता थाना क्षेत्र के छोटी अलालपुर निवासी चंदन मंडल के रूप में हुई है। मामले में शामिल दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था। वीडियो में इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जहान्वी चौक के समीप दो व्यक्तियों द्वारा एक टोटो चालक से कथित रूप से रंगदारी के रूप में पैसे की मांग करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर इस्माइलपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान छोटी अलालपुर निवासी चंदन मंडल और जगतपुर निवासी उमाकांत यादव के रूप में की। इसके बाद टोटो चालक रूपेश कुमार के आवेदन के आधार पर इस्माइलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपित चंदन मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में शामिल दूसरे आरोपित उमाकांत यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
















