
राजेंद्र कॉलोनी मैदान में शुरू हुई यूथ सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग, दीपक कुमार बने मैन ऑफ द मैच
नवगछिया। नॉर्थ बिहार क्रिकेट एकेडमी की ओर से नवगछिया टी-10 यूथ सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग का शुभारंभ मंगलवार को राजेंद्र कॉलोनी मैदान में हुआ। उद्घाटन नवगछिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और बच्चों को मोबाइल की दुनिया से निकालकर खेल मैदान से जोड़ना है।

आयोजन के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय बच्चों की क्रिकेट प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि वार्ड पार्षद मनीष सिंह, आयोजन अध्यक्ष डॉ. अनंत विक्रम, फूड प्लाजा के संतोष कुमार, स्टार पशु आहार के मार्गदर्शक सुबोध कुमार, खेल संघ के अशोक सिंह, सरोज झा, राजेश कुमार राजू, प्रशिक्षक रविंद्र भगत, आशुतोष कुमार, संतोष पासवान, यशराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रोमांचक मुकाबले में वेस्ट जोन की जीत
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ईस्ट जोन और वेस्ट जोन के बीच खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट जोन की टीम ने निर्धारित ओवरों में 155 रन बनाए। टीम की ओर से दीपक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए, जबकि रवि ने 20 रन का योगदान दिया। ईस्ट जोन की ओर से कुणाल ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट जोन की टीम निर्धारित ओवरों में 144 रन ही बना सकी। ईस्ट जोन की ओर से राजदीप ने 67 और राजकुमार ने 45 रन बनाए। वेस्ट जोन की ओर से दीपक ने दो विकेट हासिल किए।
इस तरह वेस्ट जोन ने ईस्ट जोन को 11 रन से हराकर प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में जीत दर्ज की। शानदार 82 रन बनाने और दो विकेट लेने वाले दीपक कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका मो. औरंगजेब और अनुराग शाह ने निभाई। विश्वजीत कुमार स्कोरर और गौरव माही उद्घोषक रहे।















