
@ मकन्दपुर बहियार में दोपहर करीब दो बजे हुई घटना, पशुचारा काट रहे थे पति-पत्नी
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सन्हौला थाना क्षेत्र के मकन्दपुर बहियार में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी झुलसकर घायल हो गई। घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है।मृतक की पहचान घोघा थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी टोला निवासी कुंदन मंडल (30), पिता राजू मंडल के रूप में हुई है। घटना में उनकी पत्नी मनीषा देवी (27) भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। घायल मनीषा देवी का निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया जा रहा है।

बताया गया कि बुधवार दोपहर कुंदन मंडल अपनी पत्नी मनीषा देवी के साथ मकन्दपुर बहियार में मवेशियों के लिए घास काट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कुंदन मंडल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
















