
@ ग्रामीणों से की मुलाकात, अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई शुभानन्द मुकेश ने सन्हौला प्रखंड अंतर्गत बोड़ा पाठकडीह पंचायत के विभिन्न गांवों का परिभ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं और क्षेत्र की जरूरतों की जानकारी ली तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

परिभ्रमण के दौरान विधायक ने उच्च माध्यमिक विद्यालय, बोड़ा पाठकडीह में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षा व्यवस्था, सड़क, नाली, पेयजल समेत गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे बैठक में उठाए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान की दिशा में पहल करना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।कार्यक्रम में जदयू के जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह, प्रखंड अध्यक्ष विजय मंडल, जिला महासचिव कैलाश मंडल, जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष पवन सिंह, युवा प्रखंड अध्यक्ष अमन कुमार, पंचायत अध्यक्ष नीलांबर केसरी, पंचानंद मंडल, रजनीश भारती, संतोष साह, गोपाल मंडल, सुनील सिंह, इंद्रदेव सिंह, विकास सिंह, राजीव सिंह, भवेश केशरी और मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
















