5
(2)

@ यात्रियों से भरे दोनों जहाजों के पिछले हिस्से में हुई भिड़ंत, समय-सारणी को लेकर विवाद का आरोप।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण बंद सड़क संपर्क के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए बियाडा गंगा घाट से संचालित विशेष जहाज सेवा के दौरान बुधवार को दो जहाजों के बीच टक्कर हो गई। बियाडा घाट के रैंप के समीप हुई इस घटना के दौरान दोनों जहाजों पर यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि जहाजों के पिछले हिस्से में टक्कर होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।

बताया गया कि पटना से मंगाए गए सरकारी जहाज एमवी स्वामी परमहंस पर यात्री सवार हो रहे थे। इसी दौरान समय-सारणी को लेकर विवाद के बीच संवेदक शेखर के जहाज ने स्वामी परमहंस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जहाज के इंचार्ज तारिक उमर ने बताया कि समय-सारणी को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि अधिक यात्रियों को बैठाने और परिचालन को लेकर हो रही खींचतान के कारण यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।

सुरक्षित और व्यवस्थित परिचालन की मांग

घटना के बाद घाट से यात्रा करने वाले यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा जहाजों के परिचालन के लिए स्पष्ट और सुरक्षित समय-सारणी निर्धारित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जहाजों के परिचालन की निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित है। ऐसे में बियाडा गंगा घाट से विशेष जहाज सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक संपर्क बनी हुई है। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि सेवा का संचालन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: