
मद्यनिषेध थाना की पुलिस ने भवानीपुर में की छापेमारी, तहखाने से बरामद हुई शराब
नवगछिया। मद्यनिषेध थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में छापेमारी कर 11.75 लीटर देसी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से भवानीपुर गांव के वार्ड संख्या चार निवासी अजय कुमार उर्फ मनोरंजन दास को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित द्वारा घर में तहखाना बनाकर लंबे समय से चोरी-छिपे देसी शराब रखने और बेचने का काम किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मद्यनिषेध थाना की टीम ने घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में बनाए गए तहखाने से 11.75 लीटर देसी शराब बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने शराब को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी में अधिकारी देवनंदन मांझी सहित मद्यनिषेध थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त करते हुए गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मद्यनिषेध थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
















