
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर निकाली गई ‘वॉक फॉर यूनिटी’, विद्यार्थियों ने एकता, अखंडता और भाईचारे का दिया संदेश
पूर्णिया। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया की ओर से ‘वॉक फॉर यूनिटी’ पदयात्रा निकाली गई। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
पदयात्रा का शुभारंभ विद्यालय के उप-प्राचार्य राज कुमार दास ने हरी झंडी दिखाकर किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई पदयात्रा मटिया चौक तक पहुंची। इस दौरान विद्यार्थी अनुशासित तरीके से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाते हुए आगे बढ़े। उन्होंने आम लोगों को आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
जिम्मेदार नागरिक बनाना भी शिक्षा का उद्देश्य : पुलोमा नंदी
विद्यालय की निदेशिका-प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, अनुशासित, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाना भी है।
विद्यालय की ओर से कहा गया कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव में निहित होती है। प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।

इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में उप-प्राचार्य राज कुमार दास, प्रशासक प्रीतम दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेणी पांडेय, जनसंपर्क अधिकारी राहुल शांडिल्य सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
‘वॉक फॉर यूनिटी’ के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अच्छे विद्यार्थी के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।















