
मुजफ्फरपुर की निलांजना ने अंडर-13 और अंडर-15 बालिका वर्ग में जीता खिताब, पटना के आयुष मिश्रा बने अंडर-15 बालक वर्ग के विजेता
पूर्णिया। रमेश चंद्र मिश्रा मेमोरियल तृतीय बिहार राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट-2026 के दूसरे दिन अंडर-13 एवं अंडर-15 बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

अंडर-13 बालक वर्ग में मधेपुरा के उत्कर्ष रिगन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। पटना के विराट नारायण उपविजेता रहे। वहीं, पटना के एल्विन बोरो और अनिकेत राज ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
अंडर-15 बालक वर्ग में पटना के आयुष मिश्रा ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में सहरसा के हिमांशु कुमार उपविजेता रहे। पटना के विराट नारायण और एल्विन बोरो सेमीफाइनलिस्ट रहे।
बालिका वर्ग के अंडर-13 मुकाबलों में मुजफ्फरपुर की निलांजना ने खिताब जीता, जबकि सहरसा की कीर्ति मिश्रा उपविजेता रहीं। पटना की वैष्णवी कुमारी और मधेपुरा की आराध्या सेमीफाइनल तक पहुंचीं।
वहीं, अंडर-15 बालिका वर्ग में भी मुजफ्फरपुर की निलांजना ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। पटना की नव्या लक्ष्मी उपविजेता रहीं। पटना की नूपुर बनर्जी और मुजफ्फरपुर की अर्णा सावनी सेमीफाइनलिस्ट रहीं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके अनुशासन, खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन ने आयोजन को आकर्षक बनाया। विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबलों ने प्रतियोगिता की प्रतिस्पर्धात्मकता को भी दर्शाया।
















