
दिसंबर में कोलकाता में आयोजित होगी प्रतियोगिता की अगली चरण की परीक्षा
भागलपुर। भारत विकास परिषद की ओर से बरबीघा में आयोजित प्रांतीय स्तर की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल, भागलपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की टीम ने कुल 160 अंक हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की और विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल की ओर से कक्षा 7 के अर्जुन आनंद और कक्षा 8 के विशाल कुमार ने भाग लिया। दोनों विद्यार्थियों ने आपसी तालमेल और ज्ञान के दम पर 160 अंक प्राप्त किए। वहीं, प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 145 अंक मिले।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक द्वय इंजीनियर अंशु सिंह एवं इला सिंह, प्राचार्या लीना कुमारी और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष रतन संथालिया ने भी बच्चों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और निरंतर तैयारी का परिणाम है। इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
प्रतियोगिता का अगला चरण दिसंबर में कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। अब अर्जुन आनंद और विशाल कुमार की टीम अगले चरण में भी बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी करेगी।
















