
इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मोतीटोला गांव की घटना, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट के आरोप
नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मोतीटोला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उनके परिजनों ने इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक पक्ष से घायल मोतीटोला निवासी रविश कुमार, उनकी पत्नी रविता देवी और पुत्र सुजीत कुमार शामिल हैं। रविश कुमार ने आरोप लगाया कि मिस्टर पासवान, मिथुन कुमार, राहुल कुमार और पूनम देवी खेत में जुताई के दौरान उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मारपीट कर उन्हें और उनके परिजनों को घायल कर दिया। इस मामले में इस पक्ष की ओर से इस्माइलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से मिथुन कुमार, आदर्श कुमार और मिस्टर पासवान की पत्नी सुनीता देवी घायल हुई हैं। मिथुन कुमार ने आरोप लगाया कि रविश कुमार, सुजीत कुमार और अन्य लोगों ने उनके अमरूद के पेड़ को काट दिया। इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें वे घायल हो गए। इस पक्ष की ओर से नवगछिया एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।
इस्माइलपुर थाना और नवगछिया एससी-एसटी थाना की पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।
















