5
(4)

महापौर विभा कुमारी ने एनडीआरएफ की टीम के साथ किया घाटों का निरीक्षण, गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश

पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शहर के सभी छठ घाटों को आकर्षक और सुव्यवस्थित रूप देने में नगर निगम प्रशासन जुटा हुआ है। इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर विशेष सजावट, आकर्षक रोशनी, पारंपरिक भक्ति गीतों और जागरूकता संदेशों के प्रसारण की व्यवस्था श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

सुबह से लेकर रात तक नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में छठ के पारंपरिक गीतों के साथ जागरूकता से जुड़े ध्वनि संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। वहीं, शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते शहर का नजारा पर्व की भव्यता को और बढ़ा रहा है।

महापौर ने एनडीआरएफ के साथ किया घाटों का निरीक्षण

महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को महापौर ने नगर निगम की टीम के साथ पूर्णिया सिटी घाट, बेलौरी, गुड मिल्की सहित कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनडीआरएफ की टीम के साथ नदी के गहरे जल वाले स्थानों का भी जायजा लिया।

महापौर ने छठ व्रतियों से पानी की गहराई को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। वहीं, एनडीआरएफ की टीम को गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी रखने और सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्रतियों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव भी लिए।

65 घाटों पर सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था

नगर निगम की ओर से सभी 65 छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, निगरानी के लिए वॉच टावर और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को आवागमन योग्य बनाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।

जिन घाटों और नहरों में पानी की उपलब्धता कम है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। दमका नहर, गुलाबबाग आरडी-87, रानीबाड़ी नहर और पंचटकिया नहर सहित कई स्थानों पर बोरिंग एवं पंपिंग सेट के माध्यम से पानी भरवाया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और छठ घाटों पर जागरूकता संदेशों के साथ पारंपरिक छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की गई है। इससे श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के साथ ही पूरे शहर का वातावरण छठमय हो गया है।

सभी व्रतियों को बेहतर सुविधा देना प्राथमिकता : महापौर

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व की पवित्रता, श्रद्धा और आस्था के अनुरूप नगर निगम की ओर से इस वर्ष तैयारियों को व्यापक स्वरूप दिया गया है। प्रयास है कि किसी भी छठ व्रती या श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। सभी 65 घाटों पर बेहतर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जहां पानी की कमी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी भरवाया जा रहा है। नदी और नहरों के गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मियों और शहरवासियों से छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।

छठ व्रतियों के बीच शुक्रवार को बांटी जाएगी साड़ी और पूजन सामग्री

चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत के अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने समस्त छठ व्रतियों एवं नगरवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, पवित्रता, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव के खुश्कीबाग स्थित शिवनगर आवास पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से छठ व्रतियों के बीच साड़ी एवं पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। महापौर ने छठ व्रतियों से इस आयोजन में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि व्रतियों की सेवा और सहयोग करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी व्रतियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय छठ अनुष्ठान की कामना की।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद गुलाब हुसैन, स्वपन घोष, जितेंद्र यादव, पार्षद प्रतिनिधि मनोज साह, शंकर यादव, संजीव यादव, रूफी तबरेज़, नगर निगम कर्मी भूपेंद्र यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: