5
(2)

एक दिन पहले से ही गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, तिनटंगा करारी घाट पर सीमांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे व्रती

नवगछिया । लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाएगा। पहले दिन व्रती कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर भगवान सूर्य की उपासना का संकल्प लेंगे। महापर्व को लेकर एक दिन पहले से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है।

नवगछिया के जाह्नवी घाट और गोपालपुर प्रखंड के तिनटंगा करारी स्थित जहाज घाट पर गुरुवार सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, अररिया और मधेपुरा सहित सीमांचल के विभिन्न जिलों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और गंगा तट पर पूजा-अर्चना की।

भीड़ से बचने के लिए कई श्रद्धालु एक दिन पहले ही तिनटंगा करारी गंगा घाट पहुंच गए। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आपदा मित्रों की तैनाती और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।

गंगा स्नान के दौरान सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पारंपरिक रस्म भी निभाई। घाट पर सुबह से ही श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

वाहनों की भीड़ से सड़क पर हुई परेशानी

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण गंगा तट की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया। ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल, निजी वाहन और ट्रैक्टर से श्रद्धालु घाटों तक पहुंचते रहे। वाहनों की अधिकता के कारण आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: