
विशेषज्ञों ने पक्षियों के प्राकृतिक आवास, अनुसंधान, निगरानी और संरक्षण पर दी जानकारी, गौरैया से लेकर गांगेय जीवों के संरक्षण पर हुई चर्चा
भागलपुर, 12 नवंबर। प्रख्यात पक्षी विज्ञानी डॉ. सलीम अली की जयंती के अवसर पर गुरुवार को अरण्य विहार, सुंदरवन, भागलपुर में तकनीकी सत्र एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भागलपुर वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण पर विशेषज्ञों ने विस्तृत व्याख्यान, प्रस्तुतियां और चर्चाएं कीं। कार्यक्रम में पक्षी अनुसंधान, निगरानी और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज ने डॉ. सलीम अली के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. सलीम अली, जिनका पूरा नाम डॉ. सालिम मोइज़ुद्दीन अब्दुल अली था, भारत के प्रसिद्ध पक्षी विज्ञानी और प्रकृतिवादी थे। उन्हें विश्वभर में ‘बर्डमैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि डॉ. सलीम अली को वर्ष 1958 में पद्म भूषण और वर्ष 1976 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्हें ब्रिटिश ऑर्निथोलॉजिस्ट यूनियन का स्वर्ण पदक भी मिला था। यह सम्मान प्राप्त करने वाले वे पहले गैर-ब्रिटिश व्यक्ति थे।
डॉ. सलीम अली ने पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में भ्रमण कर व्यवस्थित रूप से पक्षियों का सर्वेक्षण किया था। उनकी प्रसिद्ध पुस्तक ‘द बुक ऑफ इंडियन बर्ड्स’ वर्ष 1941 में प्रकाशित हुई थी। इसके अलावा उन्होंने प्रसिद्ध पक्षी विज्ञानी सिडनी डिलन रिप्ले के साथ मिलकर 10 खंडों वाली ‘हैंडबुक ऑफ द बर्ड्स ऑफ इंडिया एंड पाकिस्तान’ भी लिखी थी।
विशेषज्ञों ने पक्षी एवं वन्यजीव संरक्षण पर साझा किए अनुभव

कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और सफल आयोजन में बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (बीएनएचएस) की टीम के अभिलाष एवं भूमिका रजोरिया की प्रमुख भूमिका रही। बीएनएचएस के अभिलाष ने पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनकी विशेषताओं और संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
वन्यजीव संरक्षण संस्थान के आशुतोष कुमार ने गांगेय जीवों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। मंदार नेचर क्लब के राहुल रोहितश्व ने तितलियों की विभिन्न प्रजातियों और उनके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, सृष्टि संस्थान के मुकेश कुमार ने गौरैया संरक्षण पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया।
विश्व पक्षी गणना बिहार के समन्वयक दीपक कुमार, राहुल रोहितश्व और जय कुमार जय ने भी वन्यजीव संरक्षण से संबंधित जानकारियां साझा कीं। विशेषज्ञों ने प्राकृतिक पर्यावरण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने के लिए पक्षियों एवं अन्य जीवों के संरक्षण को आवश्यक बताया।
वन विभाग एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भागलपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डीएन चौधरी, मारवाड़ी कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग की डॉ. आरती वर्मा, वनरक्षी आदित्य अभिनव, अमरेश कुमार, आदित्य कुमार सिंह, नीरज कुमार, राकेश कुमार यादव, वनकर्मी रूपेश कुमार सिंह सहित वन विभाग के अन्य कर्मी एवं विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।














