5
(2)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ में श्रद्धा और समर्पण की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है। जहां एक ओर बाढ़ की मार ने कद्दू की फसल को बर्बाद कर दिया और बाजार में इसकी कीमतें आसमान छूने लगीं, वहीं दूसरी ओर एक श्रद्धालु ने अपनी आस्था और सेवा-भाव से महंगाई की इस मार को कम करने की अनूठी कोशिश की।

दरअसल, लंबे समय तक भागलपुर का इलाका बाढ़ की चपेट में रहने के कारण इस बार छठ पर्व पर कद्दू की भारी किल्लत देखने को मिली। दियारा के बलुआई इलाकों में बड़े पैमाने पर होने वाली कद्दू की खेती वाले खेत लंबे समय तक पानी में डूबे रहे। इसका सीधा असर बाजार पर पड़ा। ग्रामीण इलाकों में कद्दू की कीमतें पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 100 रुपये में महज 100 ग्राम तक पहुंच गईं। वहीं, शहरी बाजारों में बंगाल से आए कद्दू ने भी लोगों की जेब पर भारी बोझ डाला। आधा किलो वजन का कद्दू करीब 150 रुपये में बिक रहा था।

महंगाई की इस मार के बीच गुरुवार को घोघा से एक ऐसी खबर आई, जिसने छठ की सच्ची भावना को जीवंत कर दिया। बताया जाता है कि घोघा के कुलकुलिया निवासी श्रद्धालु एवं ईंट निर्माता प्रसादी मंडल को जब यह जानकारी मिली कि छठव्रती परिवारों को कद्दू-भात की परंपरा निभाने के लिए भी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है, तो उनका मन व्यथित हो उठा। उनसे छठव्रतियों की यह परेशानी देखी नहीं गई।

फिर क्या था! शाम ढलते ही वे कद्दू की तलाश में गंगा पार निकल पड़े। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने कद्दू की व्यवस्था की और 70 रुपये प्रति कद्दू की दर से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के कद्दू खरीदकर वापस लौटे। शुक्रवार की सुबह, यानी छठ पर्व के पहले दिन कद्दू-भात के अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के छठव्रती परिवारों के बीच कद्दू का मुफ्त वितरण शुरू कर दिया।

यह महज कद्दू का वितरण नहीं था, बल्कि उन परिवारों के प्रति संवेदना, सहयोग और समर्पण का भाव था, जिनके लिए महंगाई के इस दौर में पर्व की परंपरा निभाना भी मुश्किल हो रहा था। गौरतलब है कि घोघा के साप्ताहिक हाट में गुरुवार को कद्दू की कीमत एक हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: