
@ दलदल और फिसलन के बीच छठव्रतियों की बढ़ी परेशानी, घाटों पर लगातार गिर रहे श्रद्धालु।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। शहर के गंगा घाटों की खतरनाक हो चुकी स्थिति में सुधार के सरकारी दावे और तमाम कोशिशें नाकाम साबित हो रही हैं। दलदल और फिसलन ने घाटों की स्थिति इतनी बदतर कर दी है कि छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय और कद्दू-भात के अवसर पर भी श्रद्धालुओं के गिरने और फिसलने का सिलसिला जारी रहा। घाटों पर पसरे दलदल ने छठव्रतियों और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इधर इन हालातों से परेशान जिलाधिकारी अलंकृता पांडे लगातार खतरनाक घाटों का निरीक्षण कर उसे शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दे रही है। मालूम हो कि इस तरह की परेशानी की मुख्य वजह भागलपुर में लंबे समय तक बाढ़ कटाव का तांडव जारी रहा। वहीं गंगा का पानी काफी समय तक टीके रहने के कारण किनारे की जमीन अभी तक दलदली ही है।

गुरुवार को जब घाटों की बदहाल स्थिति अखबारों की सुर्खियां बनी, तो जिला प्रशासन शुक्रवार की अहले सुबह हरकत में आया। प्रशासन की ओर से दावा किया गया कि बरारी घाट को दुरुस्त कर दिया गया है। लेकिन घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। शुक्रवार को भी दर्जनों श्रद्धालु दलदल और फिसलन के कारण गिरते रहे। खासकर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से पहुंचीं महिलाओं व बुज़ुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। कई महिलाएं दलदल में फिसलकर गिर गईं।
इधर, शुक्रवार को भी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शहर के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया और दलदली व खतरनाक घाटों को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया। लेकिन छठ महापर्व के कार्यक्रम शुरू हो जाने और समय की भारी कमी के कारण अब इन घाटों की मुकम्मल मरम्मत की संभावना कम ही नजर आ रही है।
बरारी घाट के बाद अब सीढ़ी घाट की बदहाल स्थिति भी चिंता का विषय बन गई है। घाटों पर दलदल और फिसलन के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब छठ जैसे बड़े पर्व से पहले घाटों की खतरनाक स्थिति की जानकारी प्रशासन को थी, तो समय रहते जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए? प्रशासनिक दावों और घाटों की जमीनी हकीकत के बीच का यह अंतर छठव्रतियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
















