
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगा पार कर घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए बियाडा घाट से जाह्नवी घाट तक सात जहाज चलाए जाएंगे। वहीं, जिले के 18 प्रमुख घाटों पर 18 फायर ब्रिगेड वाहन और आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
हर जहाज पर आपदा मित्र, मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी
गंगा पार करने के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक जहाज पर दो आपदा मित्र, एक मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। प्रशासन के अनुसार, सातों जहाजों की कुल निर्धारित यात्री क्षमता 7,220 है। आपदा मित्र मोहम्मद अल्ताफ अंसारी सहित अन्य कर्मियों को सुरक्षा और सहायता की जिम्मेदारी दी गई है।

बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर, बीमारों के लिए एंबुलेंस
घाटों पर बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई है। अग्निशमन कर्मी मुकेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी बुजुर्गों को सहायता पहुंचाएंगे। वहीं, किसी श्रद्धालु के घायल होने या तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एंबुलेंस तैयार रहेंगी। गंभीर रूप से बीमार लोगों को जहाज से गंगा पार नहीं करने की सलाह दी गई है।
18 घाटों पर अग्निशमन विभाग की तैनाती
जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज के अनुसार, बियाडा घाट, जाह्नवी घाट, बरारी घाट, बूढ़ानाथ घाट, सीढ़ी घाट और सुल्तानगंज घाट समेत 18 प्रमुख घाटों पर 18 फायर ब्रिगेड वाहन तैनात रहेंगे। इससे आगजनी या अन्य आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सकेगी।
जहाज पर गैस सिलेंडर और पटाखे प्रतिबंधित

सुरक्षा के मद्देनजर जहाजों पर गैस सिलेंडर, पटाखे और अन्य विस्फोटक सामान ले जाने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित यात्री क्षमता का पालन करने, धक्का-मुक्की से बचने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का प्रयास है कि छठ के दौरान गंगा पार करने वाले हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक रहे।















