
नहाय-खाय और कद्दू-भात के साथ छठ महापर्व का हुआ शुभारंभ, घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सुल्तानगंज (भागलपुर)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचीं छठ व्रती महिलाओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। नहाय-खाय और कद्दू-भात के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हुई। इसे लेकर छठ व्रती महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

छठ महापर्व में साफ-सफाई, स्वच्छता और शुद्धता का विशेष महत्व होता है। व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान और नियम-निष्ठा के साथ इस महापर्व का अनुष्ठान करती हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगी। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 16 नवंबर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ और छठ पूजा को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल बना रहा।















