5
(4)



तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, दूर-दराज में रहने वाले ग्रामीण भी पहुंचे गांव; ग्राम देवता राय बाबा एवं कामा माई की तस्वीरों का किया गया वितरण

नवगछिया । लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं गांव के गंगा घाट पर रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए गंगा तट पर लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव की विशेष परंपरा के कारण इस दिन पूरा गोसाईं गांव गंगा घाट पर एकत्रित हुआ। गांव के लोग अपने घरों में छठ पूजा नहीं करते, बल्कि सामूहिक रूप से गंगा तट पर पहुंचकर छठी मैया की आराधना करते हैं। यही परंपरा गोसाईं गांव को आसपास के क्षेत्रों में एक अलग पहचान देती है।

रविवार को सुबह से ही पूरे गांव में छठ पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ था। गांव के वैसे लोग जो रोजगार, नौकरी या अन्य कारणों से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहते हैं, वे भी छठ मनाने के लिए अपने गांव पहुंचे। पर्व के अवसर पर गांव में एक बार फिर लोगों का मिलन हुआ। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण एक साथ गंगा घाट पहुंचे। दोपहर से ही गोसाईं गांव के जमींदारी बांध के समीप स्थित गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

व्रती महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सिर पर पूजा की सामग्री और हाथों में प्रसाद एवं फलों से सजी थाली लेकर गंगा तट पहुंचीं। इसके बाद विधि-विधान के साथ गंगा नदी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और समाज के कल्याण की कामना की। घाट पर महिलाओं की संख्या पुरुषों की अपेक्षा अधिक देखने को मिली। श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा गंगा तट छठमय हो गया।

गांव की परंपरा और सामूहिक सहभागिता बनी आकर्षण

गोसाईं गांव की सबसे खास बात यह है कि यहां छठ पूजा किसी एक मोहल्ले या परिवार तक सीमित नहीं रहती। गांव के लोग सामूहिक रूप से गंगा घाट पर पहुंचकर पर्व मनाते हैं। गांव के घरों में छठ पूजा नहीं होने की परंपरा के कारण गंगा घाट ही पूरे गांव के लिए पूजा का प्रमुख स्थल बन जाता है। इस अवसर पर गांव में रहने वाले लोगों के साथ बाहर रहने वाले ग्रामीणों की भी बड़ी भागीदारी रहती है। इससे वर्षों से चली आ रही पारिवारिक और सामाजिक एकजुटता की परंपरा भी मजबूत होती है।

आकर्षक रोशनी और बैंड-बाजों से भक्तिमय हुआ माहौल

छठ पर्व को लेकर गोसाईं गांव में विशेष सजावट की गई थी। पूरे गांव को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, वहीं गंगा घाट पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए सजावट की गई थी। घाट पर मधुर छठ गीतों के साथ विभिन्न बैंड-बाजों की धुन सुनाई देती रही। रोशनी से जगमगाता गांव और गंगा तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ पर्व के उत्साह को और बढ़ा रही थी। देर शाम तक गंगा घाट पर भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

ग्राम देवता राय बाबा एवं कमाई की तस्वीरों का वितरण

छठ पर्व के अवसर पर गोसाईं गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा एक विशेष आयोजन भी हुआ। ग्राम देवता राय बाबा एवं कमाई के संबंध में प्रचलित जनश्रुतियों के आधार पर तैयार की गई तस्वीरों का श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के बीच वितरण किया गया। इस दौरान गांव के सम्मानित शिक्षक अमरनाथ झा उर्फ बमबम, कालीचरण मिश्रा और रजनीश उर्फ बाबा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। इन लोगों ने तस्वीरों के वितरण में सहभागिता निभाई। इस पहल के माध्यम से गांव की पारंपरिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

सोमवार को उदयगामी सूर्य को दिया जाएगा अंतिम अर्घ्य

चार दिवसीय छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती उगते सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत पूरा करेंगी। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। गोसाईं गांव में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता ने गांव की सामूहिक परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता की झलक प्रस्तुत की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: