
देवउठनी एकादशी पर सुबह आठ बजे भूमि पूजन, गोपाल गौशाला से निकलेगी निशान यात्रा; शाम में श्याम जन्मोत्सव और भजन संध्या का होगा आयोजन

नवगछिया। देवउठनी एकादशी के शुभ अवसर पर 20 नवंबर, शुक्रवार को नवगछिया में खाटू श्याम मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन समारोह एवं भव्य निशान शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्याम भक्त मंडल न्यास की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में नवगछिया सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजक मंडल के अनुसार, मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन का कार्यक्रम सुबह आठ बजे से मारवाड़ी विवाह भवन के पिछले हिस्से में आयोजित होगा। वैदिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।
इसके बाद सुबह 10:30 बजे गोपाल गौशाला, नवगछिया से गाजे-बाजे के साथ भव्य निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। निशान लेकर चलने वाले श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेंगे। शोभायात्रा का समापन मारवाड़ी विवाह भवन में होगा। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल है।
शाम में होगा श्याम जन्मोत्सव और भजन संध्या
कार्यक्रम के तहत संध्या में श्याम जन्मोत्सव एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान किया जाएगा। श्रद्धालु भक्ति गीतों के माध्यम से बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाएंगे।
श्याम भक्त मंडल न्यास के सदस्य पूरे आयोजन को सफल बनाने की तैयारी में जुटे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।














