
भागलपुर। अक्षय नवमी के अवसर पर बुधवार को शहर के विभिन्न बंगाली बहुल इलाकों में मां जगधात्री की पूजा पारंपरिक बांग्ला पद्धति से की गई। इस दौरान मानिक सरकार घाट के समीप गांगुलीबाड़ी, घाट रोड स्थित कालीबाड़ी और मशाकचक की दुर्गाबाड़ी में मां की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान ईख, केला और कोहड़ा की प्रतीकात्मक बलि भी दी गई।
पूजा के दौरान एक ही दिन में सप्तमी, अष्टमी और नवमी की रस्में अलग-अलग समय पर पूरी की गईं। मां को खिचड़ी, पांच प्रकार की भाजी, सब्जियां, खीर, मिठाई, फल और अन्य पकवानों का भोग लगाया गया। बंगाली परंपरा के अनुसार ढाक की गूंज से पूजा स्थलों का माहौल भक्तिमय बना रहा।
शरतचंद्र के ननिहाल में 218 वर्षों से हो रही पूजा

मानिक सरकार घाट के समीप स्थित प्रसिद्ध कथाशिल्पी शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के ननिहाल गांगुलीबाड़ी में पिछले 218 वर्षों से मां जगधात्री की पूजा की परंपरा जारी है। बताया जाता है कि कभी शरतचंद्र भी यहां की पूजा में शामिल होते थे। इस वर्ष भी गांगुली परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से पूजा का आयोजन किया। बंगाल से आए ढाकी कलाकारों ने ढाक बजाकर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
वहीं कालीबाड़ी और दुर्गाबाड़ी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए। दुर्गाबाड़ी में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। दशमी के दिन मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।















