
भागलपुर। बरारी स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल की चार में से तीन लिफ्ट पिछले दो महीने से खराब पड़ी हैं। इसके कारण मरीजों को ऊपरी मंजिलों पर संचालित ओपीडी तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। रोजाना करीब 120 से 150 मरीजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

अस्पताल के दूसरे और तीसरे तल पर ओपीडी संचालित होती है। लिफ्ट खराब रहने से बुजुर्गों, दिव्यांगों और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मरीजों को परिजनों की मदद से सीढ़ियां चढ़कर इलाज के लिए पहुंचना पड़ रहा है। फिलहाल केवल एक लिफ्ट चालू है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को इंतजार भी करना पड़ता है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से लिफ्टों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी को खराबी की सूचना दी जा चुकी है। इसके बावजूद दो महीने बीतने के बाद भी मरम्मत नहीं हो सकी है। लिफ्टों के लंबे समय से बंद रहने के कारण अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मरीजों ने जल्द से जल्द सभी लिफ्टों की मरम्मत कराने की जरूरत बताई है।














