
माय भारत भागलपुर के तत्वावधान में मकंदपुर विद्यालय में हुआ आयोजन, जागरूकता रैली निकालकर दिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
नवगछिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, भागलपुर के तत्वावधान में गोपालपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मकंदपुर में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “युवा विकसित भारत” था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक जयकांत पासवान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शराब, सिगरेट, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। नशे के कारण कैंसर, लीवर संबंधी बीमारियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ ही परिवार को आर्थिक तंगी, तनाव और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर राहुल कुमार राज ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की कार्यक्षमता को कमजोर करती है और उसे परिवार तथा समाज से दूर कर देती है। युवाओं को अपने भविष्य के प्रति सजग रहते हुए नशे से दूर रहना चाहिए और स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। युवाओं को स्वयं नशे का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए।
माय भारत के स्वयंसेवक दीपक कुमार ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने, स्वस्थ जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।















