
कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में तीन दिवसीय समारोह शुरू, खेल प्रतियोगिताओं के साथ छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
कटिहार। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय समारोह ‘उमंग 2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी के प्राचार्य हरेराम कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता बबन झा और कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रंजना कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रंजना कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीन दिवसीय समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के अलावा अन्य गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विशिष्टता साबित करने का अवसर मिलता है। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और बिहार सरकार की ओर से खेल गतिविधियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से छात्र-छात्राओं एवं युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।
इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी के प्राचार्य हरेराम कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया।















