
महापौर विभा कुमारी ने सफाई कर्मियों, एनजीओ कर्मियों और निगम कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित, करीब 80 छठ घाटों पर की गई थी विशेष व्यवस्था
पूर्णिया। दुर्गा पूजा, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नगर निगम के सफाई कर्मियों, एनजीओ कर्मियों और निगम कर्मियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। नगर निगम सभागार में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में सभी कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके समर्पण, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई।

महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने इस वर्ष दुर्गा पूजा से लेकर दीपावली और छठ पूजा तक शहर में साफ-सफाई, रोशनी और नागरिक सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए थे। दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में दिन-रात नियमित सफाई कराई गई। दीपावली एवं काली पूजा के अवसर पर भी कूड़ा उठाव, चौक-चौराहों और सड़कों की सफाई के साथ काली मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
वहीं, छठ पूजा के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र के लगभग 80 छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, शौचालय, रोशनी, चेंजिंग रूम, वॉच टावर, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली, काली पूजा और छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में सभी की सामूहिक भागीदारी रही है। सफाई कर्मियों और एनजीओ कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों और नगर निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। शहरवासियों ने भी स्वच्छता बनाए रखने और पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग दिया।
महापौर ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों, एनजीओ कर्मियों, पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों और समस्त शहरवासियों को पर्वों के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयास से ही पूर्णिया में पर्व-त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी। यह सफलता किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह के माध्यम से उन कर्मियों के परिश्रम और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है, जो त्योहारों के दौरान खुद दिन-रात मेहनत कर दूसरों की खुशियों और सुविधाओं का ध्यान रखते हैं। महापौर ने सभी से आगे भी इसी एकजुटता और सहयोग की भावना के साथ स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित पूर्णिया के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
सम्मान समारोह में उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, वार्ड पार्षद ममता सिंह, नवल जायसवाल, अमित कुमार सोनी, लखेंद्र साह, अभिजीत कुमार, निप्पू पासवान, मो. सिताब, पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, ललनेश सिंह, बहादुर यादव, रहीम अंसारी, मो. वसीम, राहुल मिश्रा, उपेंद्र सिंह, अजय मांझी, मनोज साह, प्रधान सहायक उमेश यादव, भूपेंद्र यादव, अरविंद कुमार, उदय प्रताप, नवीन सिंह, रुपेश कुमार, रूफी तबरेज, जैकी मलिक, दीपक कुमार सिंह और दुर्गेश झा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।















