
कसबा में गश्ती दल की कार्रवाई, दो मोबाइल और बिना नंबर की पल्सर बाइक बरामद; दूसरा आरोपी फरार
कसबा (पूर्णिया)। कसबा थाना पुलिस ने मोबाइल छिनतई के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मनीष कुमार उर्फ मनीष कुमार गुप्ता (23), पिता जयप्रकाश गुप्ता, निवासी मिल्की मरंगा, थाना मरंगा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। घटना में शामिल दूसरा आरोपित फरार है।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को मोबाइल छिनतई की घटना को लेकर कसबा थाना कांड संख्या 497/26, धारा 304(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता प्रकाश कुमार (33), पिता दिनेश कुमार साह, निवासी साकलिया, थाना कसबा ने बताया था कि शादी का कार्ड देने जाने के दौरान लीची बागान के समीप मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान गश्ती दल की नजर संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी। पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपित को खदेड़कर पकड़ लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कसबा थाना कांड संख्या 197/24, दिनांक 20 अगस्त 2024, धारा 304(2)/318(4) भारतीय न्याय संहिता तथा सदर थाना कांड संख्या 725/24 में भी मामला दर्ज है।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में पु०नि० सह थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पु०अ०नि० प्रिंस कुमार, सिपाही 1521 विनेश कुमार एवं नीरज कुमार शामिल थे।
पूर्णिया पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अभियान जारी है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।















