5
(1)

14 से 20 नवंबर तक विभिन्न वर्गों के बीच चलाया जागरूकता अभियान, डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने खान-पान और नियमित जांच के प्रति किया जागरूक

नवगछिया। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर सहयोग संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में 14 से 20 नवंबर तक मधुमेह जागरूकता सप्ताह मनाया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों, स्वयंसेवकों और वरिष्ठ सदस्य सह संयोजक डॉ. केके चौधरी के सहयोग से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान निशुल्क मधुमेह जांच की भी व्यवस्था की गई।

निशुल्क जांच अभियान में आस्था डायग्नोस्टिक के प्रीतम कुमार, संजीवनी डायग्नोस्टिक के सतीश ठाकुर, रूपेश गांधी, पूर्णिया पैथोलॉजी के संजय कुमार एवं राजकुमार का सहयोग सराहनीय रहा।

इस अवसर पर डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने लोगों को मधुमेह के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मधुमेह ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर में रक्त शर्करा का स्तर बढ़ जाता है। शरीर में इंसुलिन की कमी या उसके सही तरीके से काम नहीं करने के कारण ऐसा होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मधुमेह छुआछूत की बीमारी नहीं है और यह एक-दूसरे के साथ बैठने, खाने या संपर्क में रहने से नहीं फैलती है।

उन्होंने बताया कि मधुमेह के प्रमुख लक्षणों में बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास लगना, भूख बढ़ना, बिना कारण वजन कम होना, थकान, कमजोरी, घाव भरने में देरी और आंखों से धुंधला दिखाई देना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर शुगर की जांच करानी चाहिए। नियमित जांच से बीमारी की समय पर पहचान और उपचार में मदद मिलती है।

डॉ. सिंह ने खान-पान में संतुलन रखने, तली-भुनी और अधिक मीठी चीजों के सेवन को सीमित करने, हरी सब्जियां और सलाद खाने तथा नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने की सलाह दी। उन्होंने रोज पैदल चलने, पर्याप्त नींद लेने और वजन नियंत्रित रखने पर भी जोर दिया। मधुमेह से पीड़ित लोगों को चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवा लेने और नियमित रूप से रक्त शर्करा की जांच कराने की बात कही। उन्होंने चेताया कि बिना चिकित्सकीय सलाह दवा बंद करना या घरेलू नुस्खों के भरोसे उपचार करना नुकसानदायक हो सकता है।

उन्होंने बताया कि मधुमेह को नियंत्रित नहीं रखने पर आंख, किडनी, हृदय और पैरों से संबंधित गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। सही खान-पान, नियमित व्यायाम, समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श से इसके जोखिम को कम किया जा सकता है।

सहयोग संस्था की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे मधुमेह के प्रति जागरूक रहें, समय-समय पर जांच कराएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: