
@ जन्मदिन को बनाया यादगार, बच्चों के बीच पहुंचे कहलगांव विधायक; बोले- बच्चों का प्यार और स्नेह ही मेरे जीवन का सबसे अनमोल उपहार।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जन्मदिन पर आमतौर पर लोग अपने परिवार, मित्रों और समर्थकों के बीच खुशियां मनाते हैं, लेकिन कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश ने अपने जन्मदिन को नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरकर यादगार बना दिया। शहर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर विधायक ने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों की खिलखिलाहट, मासूम मुस्कान और उत्साह ने जन्मदिन के इस आयोजन को खास बना दिया।

विधायक को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने बच्चों के साथ केक काटा, उन्हें उपहार भेंट किए और उनके साथ आत्मीयता के पल बिताए। जन्मदिन के इस आयोजन में औपचारिकता से अधिक बच्चों के प्रति अपनापन और स्नेह देखने को मिला। बच्चों के नन्हे-नन्हे हाथों से मिली शुभकामनाओं और उनके चेहरों पर छाई खुशी ने इस दिन को भावुक और यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि बच्चों का प्यार और स्नेह ही उनके लिए सबसे अनमोल उपहार है। बच्चों की मुस्कान से बढ़कर जन्मदिन का कोई दूसरा तोहफा नहीं हो सकता। उनके बीच समय बिताकर उन्हें बेहद खुशी मिली।
विधायक के जन्मदिन को लेकर कहलगांव स्थित उनके आवास पर भी सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का पहुंचना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बधाई देने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। वहीं, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, सांसद अजय कुमार मंडल, जेडीयू परिवार के सदस्यों सहित कई मंत्रियों और विधायकों ने भी शुभानंद मुकेश को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।















