
सुल्तानगंज। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्टेशन रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बगल की कपड़े की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान और कपड़ों सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने दुकानदार और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद दमकल की दो बड़ी गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और दुकानों के अंदर सुलग रही आग को पूरी तरह बुझाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, कुछ लोगों ने दुकान में जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका भी जताई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई, जिस कारण दुकान में कोई मौजूद नहीं था। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।















