
@ 25 निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा, 10 सरकारी स्टॉलों के जरिए 951 युवाओं को मिला मार्गदर्शन।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भागलपुर में आयोजित जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला कई उम्मीदें लेकर आया। जिला स्कूल परिसर में शुक्रवार को आयोजित इस मेले में 25 निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं में से 613 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि कंपनियों को कुल 1,821 बायोडाटा प्राप्त हुए।

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर जिला नियोजनालय, भागलपुर की ओर से आयोजित इस मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त रवि राकेश, उप निदेशक (नियोजन) शंभूनाथ सुधाकर, उप श्रमायुक्त बिनोद कुमार और महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राजीव कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि नियोजन मेला निजी क्षेत्र में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। यहां अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर आवेदन करने तथा रोजगार के अवसर तलाशने की सुविधा मिलती है।
मेले में सिर्फ नौकरी के अवसर ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, करियर निर्माण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। जिला नियोजनालय, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC), जीविका, आईटीआई और अन्य सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।
उप निदेशक (नियोजन) शंभूनाथ सुधाकर ने विभाग की रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन, उद्यमिता विकास और स्वरोजगार के लिए जरूरी सुझाव भी दिए।
मेले में युवाओं की भागीदारी और कंपनियों की सक्रियता का अंदाजा इन आंकड़ों से लगाया जा सकता है –
- कुल निजी नियोजक कंपनियां – 25
- कंपनियों को मिले बायोडाटा – 1,821
- चयनित अभ्यर्थी – 613
- सरकारी विभागों के स्टॉल – 10
- सरकारी स्टॉलों पर प्राप्त आवेदन एवं मार्गदर्शन – 951
युवाओं को रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जिला नियोजनालय, समुद्रपार नियोजन ब्यूरो, जिला पशुपालन कार्यालय, DRCC, आरसेटी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जीविका, परियोजना निदेशक आत्मा, जिला उद्योग केंद्र और आईसीडीएस की ओर से स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से बिहार रोजगार सेतु पोर्टल और नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर निबंधन, सरकारी योजनाओं की जानकारी, प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक (नियोजन) मो. तौसीफ क्याम, नियोजन पदाधिकारी मीनाक्षी रॉय, आईटीआई के उप प्राचार्य सागर सुमन, महिला आईटीआई की उप प्राचार्य रश्मि प्रिया, यूको बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक शैलेश कुमार गुप्ता, आरसेटी निदेशक आनंद कुमार, DRCC के सहायक प्रबंधक विनय कुमार, जीविका प्रतिनिधि मुमताज रहमानी, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला समन्वयक तबरेज खान, जिला स्कूल की प्राचार्य डॉ. सतदल मंजरी, गोस्वामी आईएएस एकेडमी के निदेशक पी. गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
शुक्रवार को अपराह्न पांच बजे उप निदेशक (नियोजन), सहायक निदेशक (नियोजन), विश्वविद्यालय नियोजन सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र के नियोजन पदाधिकारी तथा जिला नियोजनालय के कर्मियों की मौजूदगी में मेले का समापन हुआ।















