
@ बाढ़ में बेटे की मौत के मुआवजे से लेकर अवैध ईंट जब्ती तक के मामले पहुंचे, संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। सात निश्चय के तहत संचालित ‘सबका सम्मान – जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में कुल 51 आवेदनों पर सुनवाई हुई।
जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें जमीन और भूमि विवाद से जुड़ी सामने आईं। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र, नगर निगम, जन वितरण प्रणाली, होमगार्ड, आपदा, पुलिस, भू-अर्जन, विद्युत सहित कई अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं भी लोगों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में साहिबगंज, भागलपुर निवासी रंजन कुमार ने बाढ़ में अपने पुत्र की मृत्यु के बाद अब तक मुआवजा भुगतान से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपर समाहर्ता (आपदा) के पास भेज दिया गया।
कहलगांव के पक्कीसराय निवासी अमित कुमार ने अवैध ईंटों को जब्त कराने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कार्रवाई के लिए आवेदन जिला खनन पदाधिकारी, भागलपुर को अग्रसारित किया गया।
सबौर प्रखंड के सुरेश मंडल, पिता स्वर्गीय वकील मंडल ने मृतक के खाते को संबंधित डाकघर से मंडल डाकघर, भागलपुर में विलय किए जाने से जुड़ी समस्या उठाई। उनके आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रधान डाकघर, भागलपुर भेजा गया।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (आपदा), अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), जिला जन शिकायत कोषांग की प्रभारी पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता सुहासिनी प्रसाद, पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















