
नवगछिया। थाना क्षेत्र के नवादा निवासी सिकंदर सिंह ने खरनई नदी के जलकर में मछली मारने के दौरान जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नवगछिया के पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा धमकी देने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
आवेदन में सिकंदर सिंह ने बताया है कि खरनई नदी का जलकर उनकी पत्नी किरण देवी के नाम से वर्ष 2023 से 2027 तक बंदोबस्त है। उनके अनुसार, जिला मत्स्य पदाधिकारी ने उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में पूर्व में खरनई नदी सहित संबंधित जलकरों की बंदोबस्ती स्थगित कर दी थी। इसके बाद बिहार सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्य एवं प्रमाणों का अवलोकन करने के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 तक के लिए पुनः बंदोबस्ती का आदेश जारी किया गया। इसके साथ ही उनके पक्ष में परवाना भी निर्गत किया गया है।

सिकंदर सिंह ने आवेदन में कहा है कि वे लोग छठ पूजा के अंतिम दिन से खरनई धार में मछली मारने यानी शिकारमाही करने का निर्णय ले चुके हैं। लेकिन मछली मारने की तैयारी शुरू करने से पहले ही उन्हें जमींदारों के पट्टेदारों की ओर से धमकियां मिलने लगी हैं। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि वे खरनई नदी में मछली मारने पहुंचे तो उन्हें गोलियों से भून दिया जाएगा।
आवेदन के अनुसार, इस धमकी के बाद सिकंदर सिंह और उनका परिवार दहशत में है। उन्हें आशंका है कि जलकर में मछली मारने के दौरान उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
सिकंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी से मामले की जांच कर खरनई नदी में मछली मारने के दौरान पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही धमकी देने वालों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने और बंदोबस्ती के आदेश एवं निर्गत परवाने के आधार पर उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।















