5
(2)

विधायक विजय खेमका ने कहा—पूर्णिया के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि, 602 करोड़ की लागत से बनी 65 किलोमीटर लंबी सड़क से सीमांचल की आवाजाही होगी आसान

पूर्णिया, 21 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले के जन्दाहा-राजापाकर क्षेत्र में आयोजित सभा से बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान राज्य में विभिन्न क्षेत्रों की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें सड़क, बिजली, शहरी सुविधाओं, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु को भी जनता को समर्पित किया।

पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्णिया जिले को भी लगभग 855 करोड़ रुपये की लागत वाली एक दर्जन से अधिक विकास योजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने इसे जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। विधायक के अनुसार, इन योजनाओं से सड़क संपर्क, सार्वजनिक परिवहन, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

602 करोड़ की लागत से बनी 65 किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन

विधायक ने बताया कि पूर्णिया जिले के लिए प्रमुख उपलब्धियों में लगभग 602 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 65 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है। यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से जुड़ते हुए बायसी, बहादुरगंज और दिघलबैंक के रास्ते भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र तक संपर्क को सुगम बनाती है। प्रधानमंत्री ने इस सड़क का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि सीमांचल के लिए यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है। इससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही पूर्णिया और किशनगंज के सीमावर्ती इलाकों के बीच संपर्क बेहतर होगा। सड़क के चालू होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने, रोजगार के नए अवसर बनने और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

पूर्णिया शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की पहल

विधायक ने बताया कि पूर्णिया शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए थाना चौक स्थित परिवहन विभाग के डिपो में 33 किलोवाट क्षमता के पावर स्टेशन, चार वाहन चार्जिंग केंद्रों और छह इलेक्ट्रिक बसों का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया। इससे शहर में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

आवास और पेयजल योजनाओं से शहरी क्षेत्र को लाभ

विजय खेमका के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्णिया के 11 लाभार्थियों को कुल 22 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अतिरिक्त पूर्णिया शहरी क्षेत्र में लगभग दो करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से तैयार सात जल भंडारण टंकियों का उद्घाटन किया गया। इन टंकियों के माध्यम से शहर में घरों तक नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

शिक्षा और बिजली से जुड़ी योजनाएं भी शामिल

विधायक ने बताया कि विकास योजनाओं के तहत पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर में स्टूडियो अपार्टमेंट तथा पूर्णिया और धमदाहा में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र से संबंधित शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम भी शामिल रहे। इन योजनाओं से जिले में शैक्षणिक आधारभूत संरचना और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बिहार के विकास में पूर्णिया की भागीदारी भी सुनिश्चित : विजय खेमका

विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनके बिहार दौरे के दौरान राज्य को विकास की नई योजनाओं की सौगात मिलती है और उनमें पूर्णिया की भागीदारी भी सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क, परिवहन, पेयजल, आवास और बिजली से जुड़ी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचेगा। पूर्णिया लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इन योजनाओं से जिले की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: