5
(1)

@ 98.12 लाख के गबन का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक और बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप, पांच सदस्यीय टीम ने कार्यालय में की छापेमारी।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक और बड़ा मामला सामने आया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शनिवार को जिला शिक्षा विभाग की मध्याह्न भोजन (MDM) शाखा में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार को 1 लाख 10 हजार रुपये के साथ पकड़ा। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।.

जानकारी के अनुसार, पांच सदस्यीय निगरानी टीम अचानक कचहरी परिसर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय के निचले तल पर संचालित MDM शाखा पहुंची। टीम सीधे डीपीएम मनोज कुमार के केबिन में दाखिल हुई। वहां से 1.10 लाख रुपये बरामद किए गए। इसके बाद टीम उन्हें अपने साथ सर्किट हाउस ले गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार को भी पूछताछ के लिए सर्किट हाउस बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि प्रखंड बीआरपी रजनीश कुमार ही निगरानी के परिवादी बताए जा रहे हैं। उनकी शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने यह कार्रवाई की।बताया जाता है कि कुछ दिन पहले जिलाधिकारी के निर्देश पर वित्तीय अनियमितता के मामले में रजनीश कुमार के मानदेय से हर महीने कटौती करने का आदेश दिया गया था। इतना ही नहीं, उन्हें अगले आदेश तक जिला कार्यालय में प्रतिनियुक्त भी कर दिया गया था। अब उन्हीं की शिकायत पर हुई निगरानी की कार्रवाई ने शिक्षा विभाग के भीतर चल रहे विवाद और वित्तीय गतिविधियों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
भागलपुर शिक्षा विभाग में 98.12 लाख रुपये के कथित गबन का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि निगरानी की इस कार्रवाई ने विभाग को एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। गबन के उस मामले में तत्कालीन डीपीओ स्थापना और संविदा आधारित ऑपरेटर अविनाश कुमार को जेल जाना पड़ा था, जबकि वरीय लिपिक शिशिर झा अब तक फरार बताए जा रहे हैं। इस प्रकरण में तत्कालीन डीपीओ और डीईओ को भी निलंबित किया जा चुका है।
विभागीय व्यवस्था में बदलाव के तहत शुक्रवार को ही MDM शाखा का प्रभार नए डीपीओ रजनीश झा को सौंपा गया था। लेकिन प्रभार हस्तांतरण के अगले ही दिन निगरानी की इस बड़ी कार्रवाई ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार्रवाई के बाद निगरानी टीम डीपीएम मनोज कुमार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले गई। इस दौरान मनोज कुमार ने खुद को साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि MDM बीआरपी रजनीश कुमार ने उन्हें फंसाया है। बैंक खाते में 60 हजार रुपये आने के सवाल पर उन्होंने सफाई दी कि अचानक उनके खाते में यह राशि आई थी और जानकारी मिलते ही उन्होंने पूरी रकम वापस कर दी थी। उन्होंने कहा कि वह भी न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लेकर अपना पक्ष रखेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी जा रही है। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बहरहाल, 98.12 लाख रुपये के गबन के पुराने मामले के बाद MDM शाखा में निगरानी की इस कार्रवाई ने भागलपुर शिक्षा विभाग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब निगरानी जांच में सामने आने वाले तथ्यों और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: