
भागलपुर। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। ई-शिक्षाकोष पोर्टल की जांच में जगदीशपुर प्रखंड में दो दिनों के दौरान 196 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। विभाग ने इन शिक्षकों के संबंधित दिनों के वेतन में कटौती करने का निर्देश दिया है। वहीं, 153 शिक्षकों ने स्कूल से निकलने का समय भी पोर्टल पर दर्ज नहीं किया था।
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) सुभाष कुमार गुप्ता ने जगदीशपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। उनसे अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ की गई कार्रवाई का साक्ष्य भी मांगा गया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर बीईओ के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

वहीं, 18 नवंबर को जिले के 17,075 शिक्षकों में से 1,385 की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हुई थी। इनमें सबसे अधिक 192 शिक्षक कहलगांव, 146 भागलपुर नगर निगम और 124 सुल्तानगंज प्रखंड के हैं। विभाग इन सभी अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई और वेतन कटौती की तैयारी कर रहा है।















