
@ सामान्य डिग्री की छात्राएं भी हासिल कर सकेंगी तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल, रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर)। सबौर महाविद्यालय की छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसको लेकर सबौर महाविद्यालय एवं महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बरारी, भागलपुर के बीच शीघ्र ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस समझौते के बाद सामान्य स्नातक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्राओं को भी तकनीकी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

इसी सिलसिले में सबौर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा ने महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बरारी का औपचारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के प्रधानाचार्य राजीव रंजन झा एवं उपप्रधानाचार्य डॉ. रश्मि प्रिया से मुलाकात कर दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं छात्राओं के कौशल विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सामान्य स्नातक पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाली छात्राओं को भी तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि वे अपनी नियमित डिग्री की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल भी विकसित कर सकें। प्रस्तावित एमओयू के तहत छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा, कौशल विकास एवं अन्य रोजगारपरक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बताया कि महिला आईटीआई में संचालित कंप्यूटर शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों के तहत छात्राओं को 240 घंटे तक का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर संबंधित कार्यक्रम के नियमानुसार प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाता है।
मौके पर महाविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मयंक वत्स भी उपस्थित थे। उन्होंने प्रस्तावित एमओयू को महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे छात्राओं को पारंपरिक डिग्री शिक्षा के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक दक्षता हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य प्रो. संजय कुमार झा के नेतृत्व में महाविद्यालय शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत विकास एवं छात्रहित से जुड़ी नई पहल कर रहा है।















