
@ सर्वदलीय समिति ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, कला एवं संस्कृति मंत्री से मिलकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी की पहल; मंत्री ने प्रस्ताव भेजने पर कार्रवाई का दिया भरोसा।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। ऐतिहासिक विक्रमशिला की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विक्रमशिला महोत्सव के आयोजन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन दिसंबर महीने में कराने की मांग की गई है। यदि दिसंबर में आयोजन संभव नहीं हो पाता है तो फरवरी के अंतिम सप्ताह अथवा मार्च के प्रथम सप्ताह में इसकी तिथि निर्धारित करने का आग्रह किया गया है।

इस संबंध में सर्वदलीय समिति, कहलगांव के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार तक मांग पहुंचाने का अनुरोध किया। समिति का कहना है कि विक्रमशिला खुदाई स्थल के समीप प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान, कला-संस्कृति और पर्यटन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए इसका आयोजन समय पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में सर्वदलीय समिति के अध्यक्ष पवन कुमार भारती, संरक्षक डॉ. प्रवीण कुमार राणा, डॉ. पंकज गुप्ता, सुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं ब्रजेश कुमार शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से सरकार के स्तर पर आवश्यक पहल कराने की मांग की।
इधर, महोत्सव के आयोजन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार राणा एवं मो. आरिफ ने कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से दिसंबर महीने में ही विक्रमशिला महोत्सव आयोजित कराने का आग्रह किया। साथ ही महोत्सव को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए देश के अच्छे एवं प्रतिष्ठित कलाकारों को आमंत्रित करने की मांग भी रखी। मुलाकात के दौरान मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे आयोजन से संबंधित प्रस्ताव भेजें, इस पर वे आवश्यक पहल करेंगे।
गौरतलब है कि विक्रमशिला प्राचीन भारत का प्रसिद्ध शिक्षा केंद्र रहा है। ऐसे में यहां आयोजित होने वाला महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का भी माध्यम है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की मांग है कि महोत्सव की तिथि जल्द घोषित कर आयोजन की तैयारियां शुरू की जाएं, ताकि कहलगांव को सांस्कृतिक और पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिल सके।















