0
(0)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भूमिहीन परिवारों को स्थायी जमीन और आवास उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गंगा मुक्ति आंदोलन के बैनर तले भूमिहीन को स्थाई आवास एवं जमीन के लिए काग़ज़ी टोला के मछुआरों ने कहलगांव अंचल कार्यालय परिसर में मंगलवार को एक दिवसीय धरना देकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरनार्थियों ने दो टूक कहा कि भूमिहीनों व कटाव पीड़ितों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उजाड़ने की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पहले जमीन और स्थायी आवास की व्यवस्था हो, उसके बाद ही हटाने की बात हो।

धरने के माध्यम से संघ ने सिंचाई विभाग के सैतपुर कुलिकुया में बसे भूमिहीन व गंगा कटाव पीड़ित परिवारों को जारी किए गए नोटिस तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। संघ का कहना है कि वर्षों से वहां रह रहे गरीब परिवारों को उजाड़ने से पहले उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। महज नोटिस थमाकर परिवारों को बेघर करने की कोशिश किसी भी सूरत में उचित नहीं है।

धरनार्थियों ने कहलगांव के कागजी टोला वार्ड संख्या 11 और 8 में गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए। संघ ने गंगा पंप नहर परियोजना के तहत पर्चा मिलने के बावजूद अब तक जमीन से वंचित परिवारों का मामला भी जोरदार ढंग से उठाया। सवाल किया कि जब गरीबों को जमीन का पर्चा दिया गया है, तो उन्हें अब तक जमीन पर कब्जा और वास्तविक बसावट क्यों नहीं मिली?

संघ ने मांग की कि सभी पर्चाधारियों को अविलंब जमीन उपलब्ध कराई जाए तथा शेष भूमिहीन परिवारों को भी जमीन का पर्चा देकर स्थायी रूप से बसाया जाए। इसके साथ ही कागजी टोला में गंगा के कटाव पर रोक लगाने के लिए तत्काल पिचिंग कार्य शुरू कराने की मांग की गई।

धरने के माध्यम से संघ ने प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि भूमिहीनों के आवास और जमीन का सवाल केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। वर्षों से विस्थापन और असुरक्षा का दंश झेल रहे गरीब परिवारों को अब ठोस राहत चाहिए। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज करने का रास्ता अपनाया जाएगा।

धरना एवं मांग पत्र से जुड़े प्रतिनिधिमंडल में वार्ड पार्षद योगेन्द्र सहनी, सीता देवी, आशा देवी, अनिल सहनी और सुनील कुमार सहनी शामिल थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: