0
(0)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित कहलगांव रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का कितना लाभ मिल रहा है, यह तो पता नहीं, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए उन्हें फिटनेस की परीक्षा जरूर देनी पड़ रही है।

दरअसल, स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के कोच की लोकेशन का डिस्प्ले ट्रेन के आगमन से महज दो – तीन मिनट पहले किया जाता है। अब ऐसे में यात्री पहले से किस कोच के सामने खड़े रहें, इसका अंदाजा लगाएं भी तो कैसे?

नतीजा यह कि ट्रेन आते ही प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की दौड़ शुरू हो जाती है। कोई अपने कोच की तलाश में भाग रहा है, तो कोई सामान लेकर एक छोर से दूसरे छोर तक दौड़ लगा रहा है। यानी रेलवे ने यात्रियों के लिए ट्रेन यात्रा के साथ मुफ्त में दौड़ने और वर्कआउट करने की सुविधा भी उपलब्ध करा दी है! खासकर, एसी बोगी तक अपने समान के साथ पहुंचने में यात्रियों की हार्ट बीटिंग बढ़ जाती है। य़ह बोगी कभी आगे, कभी पिछे तो कभी बीच में लगी रहती है। यह दृश्य ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में अक्सर देखी जा सकती है।

सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को होती है। भारी सामान के साथ अंतिम क्षणों में अपने कोच तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं। जिन बुजुर्गों को प्लेटफॉर्म पर आराम से चलने की जरूरत है, उन्हें भी ट्रेन पकड़ने के लिए तेज कदमों से भागने की नौबत आ जाती है।

विडंबना देखिए कि स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित कर आधुनिकता का स्वरूप देने की कवायद हुई, लेकिन कोच लोकेशन जैसी बुनियादी यात्री सुविधा में समय पर सूचना देने की व्यवस्था ही नदारद नजर आती है।

सवाल रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि जब ट्रेन के आगमन से तीन मिनट पहले ही कोच की लोकेशन बतानी है, तो यात्री प्लेटफॉर्म पर पहले से क्या करें? ध्यान लगाकर कोच का अनुमान लगाएं या दौड़ने के लिए जूते पहनकर आएं? रेलवे को समझना होगा कि अमृत भारत स्टेशन का मतलब सिर्फ रंग-रोगन, सजावट और चमचमाता भवन नहीं, बल्कि यात्रियों को सम्मानजनक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देना भी है।

फिलहाल कहलगांव स्टेशन पर यात्रियों की यही शिकायत है कि यहां ट्रेन पकड़ने से पहले ट्रेनिंग और वार्मअप करना जरूरी हो गया है। वरना आपकी ‘शुभ यात्रा’ कब ‘दौड़ो और पकड़ो यात्रा’ में बदल जाए, कोई भरोसा नहीं!

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: