
@ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, आय वृद्धि और आर्थिक-सामाजिक उन्नति के गुर सिखाए जाएंगे।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से आत्मा (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण), भागलपुर की ओर से वर्ष 2026-27 के किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 36 किसानों एवं दो पदाधिकारियों को चार दिवसीय प्रशिक्षण के लिए पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय भेजा जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य विषय मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मखाना की खेती के साथ समेकित कृषि प्रणाली की विभिन्न तकनीकों, कृषि के नए तरीकों और आय के अतिरिक्त स्रोतों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों को व्यावहारिक ज्ञान देकर उनके क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर भागलपुर कृषि भवन में आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह, दीपक कुमार, पंकज कुमार, बंधन कुमार, आत्मा की प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रिया कुमारी सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों के दल का नेतृत्व परमेश्वर कुमार सिंह एवं गौतम कुमार कर रहे हैं। वहीं योग प्रशिक्षक अवधेश कुमार, राजीव कुमार यादव, प्रिंस कुमार सहित अन्य युवा किसान भी इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। चार दिवसीय इस प्रशिक्षण से किसानों को मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली की बारीकियों को समझने और नई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने का अवसर मिलेगा। इससे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आमदनी में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।














