0
(0)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। सिल्क नगरी भागलपुर अब विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की तैयारी में है। बिहार सरकार की नई भवन उपविधि-2026 से शहर में गगनचुंबी इमारतों, आधुनिक टाउनशिप और बड़े व्यावसायिक परिसरों के निर्माण की संभावनाएं बढ़ गई हैं। अब तक जहां शहर में सामान्यतः सात मंजिला इमारतें ही दिखाई देती थीं, वहीं नई व्यवस्था के तहत विकसित क्षेत्रों में 100 मंजिला इमारतों तक के निर्माण की परिकल्पना की जा सकेगी।

भागलपुर के प्रस्तावित मास्टर प्लान और सैटेलाइट टाउन के लिहाज से नई उपविधि को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें सामान्य एफएआर 3.0, अतिरिक्त प्रीमियम एफएआर और भवन निर्माण के नियमों में लचीलापन दिया गया है। हालांकि, 100 मंजिला इमारतों के निर्माण के लिए विमानन, अग्निशमन और संरचनात्मक सुरक्षा सहित संबंधित विभागों की मंजूरी अनिवार्य होगी।

सैटेलाइट टाउन से बदलेगी शहर की तस्वीर

प्रस्तावित सैटेलाइट टाउन से मुख्य शहर पर आबादी और यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। नए क्षेत्रों में चौड़ी सड़कें, आधुनिक आवासीय कॉलोनियां, व्यावसायिक केंद्र, पार्किंग स्थल और हरित क्षेत्र विकसित किए जा सकेंगे।

रियल एस्टेट में निवेश, रोजगार के नए अवसर

नई उपविधि से मॉल, होटल, अस्पताल, कार्यालय और आधुनिक आवासीय परियोजनाओं के विकास को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे सिल्क एवं टेक्सटाइल कारोबार के साथ निर्माण उद्योग को भी लाभ मिलेगा। सीमेंट, स्टील, टाइल्स और अन्य निर्माण सामग्री के कारोबार में तेजी आने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

10 मीटर तक के भवनों को स्वघोषणा के आधार पर अनुमति

नई व्यवस्था में भवनों को जोखिम के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। 10 मीटर तक ऊंचे कम जोखिम वाले भवनों के लिए स्वघोषणा आधारित अनुमति, मध्यम जोखिम वाले भवनों के लिए सूचीबद्ध तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका और उच्च जोखिम वाले भवनों के लिए समयबद्ध स्वीकृति का प्रावधान किया गया है।

बुनियादी सुविधाएं बनेंगी सबसे बड़ी चुनौती

क्रेडाई भागलपुर के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने नई भवन उपविधि को शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उपाध्यक्ष नितेश संथालिया ने नई स्वीकृति व्यवस्था की जानकारी दी। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनीत ढनढनिया, सदस्य सुमन सिंह, बिल्डर अमित केजरीवाल, योगेश मिश्रा और संजीव सिन्हा ने भी इसे निवेश और रोजगार बढ़ाने वाला फैसला बताया।

हालांकि, ऊंची इमारतों के निर्माण के साथ सड़क, पेयजल, बिजली, सीवरेज, जलनिकासी, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। नई भवन उपविधि से भागलपुर को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का रास्ता खुला है। अब देखना होगा कि मास्टर प्लान और सैटेलाइट टाउन की योजनाएं कितनी तेजी से धरातल पर उतरती हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: