0
(0)

समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट की पहल पर कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान परिसर में हुआ आदर्श विवाह, सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में संपन्न हुईं वैवाहिक रस्में

पूर्णिया। समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीति को समाप्त करने और सामाजिक बदलाव का संदेश देने के उद्देश्य से समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से दहेज मुक्त आदर्श विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान एवं अजय हॉस्पिटल, गणेशपुर परोरा, पूर्णिया के परिसर में आयोजित इस समारोह में प्रभा कुमारी और किशन कुमार वैवाहिक बंधन में बंधे। इस पहल के माध्यम से संस्था ने समाज को बिना दहेज विवाह करने और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया।

संस्थान परिसर स्थित श्री राजीव नाथ महादेव मंदिर में माता पार्वती और भगवान शिव को साक्षी मानकर पंडित एवं पुरोहित की उपस्थिति में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। वधू प्रभा कुमारी, पिता नंदलाल ऋषि, ग्राम लोकाही चकला, प्रखंड बीकोठी की निवासी हैं। वहीं, वर किशन कुमार, पिता दीपनारायण ऋषि, ग्राम बोहरा, सरसी, पूर्णिया के निवासी हैं। वर पक्ष की ओर से सैकड़ों बाराती संस्थान परिसर पहुंचे, जहां दूल्हे और बारातियों का जोरदार स्वागत किया गया। सजे-धजे मंच पर विवाह की विभिन्न रस्में पूरी की गईं।

कार्यक्रम में संस्थान के प्राध्यापक सुधाकर कुमार, शिक्षिकाएं ट्विंकल सोमवंशी, गोल्डी रानी, तलत परवेज, प्रबंधक विजय कुमार तथा छात्र-छात्राओं ने अतिथियों और बारातियों का स्वागत किया। समारोह का मंच संचालन समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट के खगड़िया जिला संयोजक विजय पौद्दार ने अपने मधुर संबोधन से किया। इस दौरान संस्थान की लेखाकार निकहत प्रवीण ने भी संचालन में सहयोग दिया।

इस अवसर पर कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान एवं अजय हॉस्पिटल के निदेशक सह अध्यक्ष रंजीत रमण ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक आयोजन का श्रेय वे संस्थान के संस्थापक एवं अपने बड़े भाई स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह के आशीर्वाद को देते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के प्रेम और विश्वास के कारण ही संस्थान परिसर में दहेज मुक्त आदर्श विवाह का आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने दिवंगत इंजीनियर राजीव कुमार सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और आशीर्वाद से सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए रंजीत रमण ने प्रभा कुमारी और किशन कुमार के सुखमय एवं उज्ज्वल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने वर किशन कुमार से कहा कि प्रभा उनके जीवन का अनमोल रत्न हैं और अब उनकी खुशियों, सम्मान तथा देखभाल की जिम्मेदारी उन्हें पूरी निष्ठा से निभानी होगी।

वहीं, समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट की सचिव कंचन भारती ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ट्रस्ट लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। दहेज मुक्त आदर्श विवाह का आयोजन संस्था के सामाजिक उद्देश्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि संस्थान के संस्थापक स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह अपने जीवनकाल में दर्जनों गरीब कन्याओं का विवाह करा चुके थे। उन्हें इस तरह के सामाजिक कार्यों से विशेष संतोष मिलता था। आज उनकी प्रेरणा से संस्था इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि समाज से दहेज जैसी कुप्रथा समाप्त होनी चाहिए। यदि परिवार अपनी बेटियों का विवाह बिना दहेज और जातिगत भेदभाव के करना चाहते हैं, तो ट्रस्ट भविष्य में भी ऐसे विवाहों के आयोजन में सहयोग करेगा। संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी का विवाह बाधित न हो और समाज में समानता तथा आपसी सद्भाव की भावना मजबूत हो।

समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक रंजीत रमण और ट्रस्ट की सचिव कंचन भारती ने संयुक्त रूप से नवविवाहित जोड़े को संस्थान की ओर से उपहार भेंट कर उनके सुखद भविष्य की कामना की। विवाह समारोह के बाद वर एवं वधू पक्ष से आए सैकड़ों अतिथियों के लिए भोज की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में बाराती, घराती, संस्थान के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और बाहर से आए अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दहेज रहित विवाह के माध्यम से आयोजित इस समारोह ने समाज को यह संदेश दिया कि विवाह आपसी विश्वास, प्रेम और समानता का बंधन है, न कि धन और संपत्ति के लेन-देन का माध्यम।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: