0
(0)

@ 27 नवंबर की वायरल तस्वीर ने खोली व्यवस्था की पोल! आम आदमी के हिस्से में इंतजार और परेशानी, जबकि पार्टी का झंडा लगी गाड़ियों के लिए जहाज का इंतजाम! सांसद की गाड़ी को भी नहीं मिली थी जगह, अब सहायकों पर मेहरबानी क्यों?

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। गंगा के इस पार से उस पार जाने के लिए आम जनता परेशान है। कोई जरूरी काम से जाना चाहता है, तो कोई रोजी-रोटी के लिए। लेकिन बियाडा घाट से जहान्वी घाट के बीच गंगा पार करना लोगों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। 27 नवंबर की वायरल तस्वीरें व्यवस्था की ऐसी कहानी बयां कर रही हैं, जिसे देखकर सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर यह व्यवस्था जनता के लिए है या कुछ खास लोगों की सुविधा के लिए? हालांकि, अखबार

ऐसे वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

एक तरफ आम लोग जहाज और नाव के इंतजार में परेशान हैं। रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित है। लोगों को अपने जरूरी काम छोड़कर घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है। दूसरी तरफ तस्वीरों में पार्टी का लोगो और झंडा लगी गाड़ियां नजर आ रही हैं और मंत्री के सहायकों के लिए जहाज की व्यवस्था होती दिखाई दे रही है।

वाह रे व्यवस्था! जनता के लिए नियमों की दुहाई, खास लोगों के लिए जहाज की अगुवाई!

मामला इसलिए भी दिलचस्प है कि हाल ही में सांसद अजय कुमार मंडल की गाड़ी को गंगा पार कराने के दौरान जहाज से उतार दिया गया था। उस समय यह कहकर किनारा कर लिया गया था कि इस तरह का कोई आदेश नहीं है। अब सवाल यह है कि जब सांसद की गाड़ी के लिए आदेश आड़े आ गया था, तो मंत्री के सहायकों की गाड़ियों के लिए कौन-सा विशेष प्रावधान सामने आ गया? क्या नियमों की किताब में आम जनता और खास लोगों के लिए अलग-अलग अध्याय हैं? आखिर जहाज पर जगह और सुविधा का निर्धारण किस आधार पर हो रहा है? क्या प्राथमिकता जरूरी काम से आने-जाने वाले आम यात्रियों को मिलनी चाहिए या पार्टी का झंडा लगी गाड़ियों को? क्या जनता की परेशानी से ज्यादा महत्वपूर्ण सत्ता से जुड़े लोगों की सुविधा हो गई है?

सबसे बड़ा सवाल उन जिम्मेदार लोगों से है, जिनका काम जनता की राह आसान और सुरक्षित बनाना है। जब आम नागरिकों को बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है, तब सहायकों की गाड़ियों के लिए विशेष इंतजाम आखिर किस नियम के तहत किए जा रहे हैं?जनता को भाषण नहीं, सुविधा चाहिए। आश्वासन नहीं, व्यवस्था चाहिए। और सबसे जरूरी बात – ऐसी व्यवस्था चाहिए, जिसमें किसी की गाड़ी पर लगा पार्टी का झंडा उसकी प्राथमिकता तय न करे। सवाल सीधा है -बियाडा घाट से जहान्वी घाट तक जहाज जनता के लिए है या रसूखदारों की गाड़ियों के लिए?

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: