
@ वनांचल एक्सप्रेस में महिला यात्री का बैग छीनकर भाग रहा आरोपी दबोचा गया, यात्रियों ने की धुनाई, RPF को सौंपा। दूसरी ओर NRI महिला श्रुति मिश्रा के रेल लूटकांड में 10 दिन बाद आरोपी छोटू अंसारी ने किया आत्मसमर्पण, लेकिन अब भी लापता है कीमती सामान से भरा बैग।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। चलती ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सामान की हिफाजत को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर वनांचल एक्सप्रेस में महिला यात्री का बैग लेकर भाग रहे चोर को यात्रियों ने अपनी सूझबूझ और एकजुटता से पकड़ लिया, वहीं दूसरी ओर हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस में NRI महिला श्रुति मिश्रा के साथ हुए रेल लूटकांड का रहस्य अब तक पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है। एक मामले में यात्रियों की तत्परता से महिला को उसका बैग वापस मिल गया, तो दूसरे मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद पीड़िता अपने कीमती सामान की वापसी का इंतजार कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को वनांचल एक्सप्रेस रामपुरहाट स्टेशन पार कर चुकी थी। इसी दौरान पाण्डेश्वर स्टेशन के समीप ट्रेन के एसी कोच B-2 में एक चोर महिला यात्री का बैग लेकर भागने लगा। अपने सामान को लेकर चोर को भागता देख महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनते ही ट्रेन में सफर कर रहे कई यात्री सक्रिय हो गए और चोर को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़े।
चोर यात्रियों से बचने के लिए एसी कोच B-1 में जा पहुंचा, लेकिन यात्रियों की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी काम नहीं आई। पीछा कर रहे यात्रियों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित यात्रियों ने उसकी जमकर धुनाई की और महिला का बैग वापस दिलाया। बाद में पकड़े गए आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि यात्रियों की सतर्कता और एकजुटता से रेल अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरा जा सकता है। हालांकि, चलती ट्रेन में चोरी की इस कोशिश ने रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
इधर, NRI महिला के लूटकांड में नया मोड़, 10 दिन बाद आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
दूसरी ओर हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस में NRI महिला श्रुति मिश्रा के साथ हुए चर्चित रेल लूटकांड में करीब 10 दिनों की तलाश के बाद आरोपी छोटू अंसारी ने जीआरपी थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।लेकिन आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद भी इस मामले की सबसे बड़ी गुत्थी बरकरार है – आखिर कहां है NRI महिला श्रुति मिश्रा का बैग?
बताया जा रहा है कि इस मामले में आरोपी अखिलेश भगत और छोटू अंसारी एक-दूसरे के पास सामान होने की बात कह रहे हैं। दोनों के बयानों में विरोधाभास सामने आने से पुलिस के सामने भी सामान की बरामदगी चुनौती बनी हुई है। वहीं, मामले का तीसरा आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस जिनाकी मुखर्जी के सोने के जेवरात बरामद कर चुकी है, लेकिन श्रुति मिश्रा का पासपोर्ट, कीमती जेवरात और नकदी से भरा बैग अब तक बरामद नहीं हो सका है।
दो घटनाएं, दो अलग तस्वीरें!
वनांचल एक्सप्रेस में यात्रियों की एकजुटता से महिला को उसका सामान वापस मिल गया, लेकिन NRI महिला श्रुति मिश्रा के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण के बावजूद सबसे अहम सवाल अनुत्तरित है। अब निगाहें फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और उससे होने वाली पूछताछ पर टिकी हैं। देखना यह है कि रेल लूटकांड की गुत्थी कब सुलझती है और श्रुति मिश्रा का पासपोर्ट, जेवरात व नकदी से भरा बैग आखिर कब बरामद होता है।















