
चंपानगर के जगनी गांव में चोरी का खुलासा, एक मुख्य आरोपित गिरफ्तार
डेढ़ सौ ग्राम चांदी के आभूषण और एलसीडी स्क्रीन बरामद, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने की जब्त

पूर्णिया। पूर्णिया पुलिस ने चोरी की एक घटना का महज 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए चोरी गए सामानों की बरामदगी की है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
मामला चंपानगर थाना क्षेत्र के जगनी गांव का है। यहां एक घर से करीब डेढ़ सौ ग्राम चांदी के आभूषण और एक एलसीडी स्क्रीन चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लगातार छानबीन की और महज 24 घंटे के भीतर चोरी गए सभी सामानों को बरामद कर लिया। इस दौरान एक मुख्य आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
पूर्णिया सदर एसडीपीओ-2 गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामानों की बरामदगी कर ली है और एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जब भी वे अपने घर को छोड़कर कहीं बाहर जाएं, तो इसकी सूचना संबंधित थाने को अवश्य दें, ताकि पुलिस आवश्यक सतर्कता बरत सके और चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम में मदद मिल सके।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटना के उद्भेदन के साथ लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी मिला है।















