0
(0)

महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर दिया गया जोर

पूर्णिया। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शनिवार को नगर निगम सभागार में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा विकसित किए गए सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में महापौर विभा कुमारी ने शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं एवं प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है। जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचे, इसे सुनिश्चित करना आवश्यक है।

सार्वजनिक स्थलों की निगरानी के लिए लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों में शहर के सौंदर्यीकरण के तहत विकसित सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुख रहा। इसके तहत पूर्णिया सिटी घाट, विभिन्न पार्कों सहित नगर निगम द्वारा जिन-जिन स्थानों पर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे इन स्थलों की नियमित निगरानी की जा सकेगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। साथ ही सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।

लंबित विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान महापौर ने पूर्व में आयोजित नगर निगम बोर्ड एवं सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की। शहर के विकास से संबंधित लंबित एवं प्रस्तावित कार्यों को गति देने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति के सदस्यों ने जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने और विकास, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को शीघ्र क्रियान्वित करने पर सहमति जताई। महापौर ने सभी संबंधित कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुसार आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शिदा खातून, स्वपन घोष, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक रूपेश कुमार एवं उमेश यादव उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: