0
(0)

@ प्रो. हितेंद्र पटेल बोले – सांस्कृतिक आत्मीयता का अर्थ भिन्नताओं को मिटाना नहीं, उन्हें स्वीकार करना है।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भारतीय ज्ञान परंपरा को समझना केवल अतीत की विरासत को जानना नहीं, बल्कि वर्तमान की सांस्कृतिक चेतना और भविष्य की बौद्धिक दिशा को पहचानना भी है। इसी विचार को केंद्र में रखकर टी.एन.बी. कॉलेज, भागलपुर में आयोजित छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) के तीसरे दिन इतिहास, संस्कृति, दर्शन, तकनीक और शोध की विभिन्न अवधारणाओं पर गंभीर अकादमिक विमर्श हुआ।

तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई टी.एन.बी. कॉलेज में 26 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम के तीसरे दिन, 28 नवंबर को चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का पहला सत्र कोलकाता के रवीन्द्र भारती विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हितेंद्र पटेल के व्याख्यान से शुरू हुआ। ‘इतिहास से मुक्ति या इतिहास के माध्यम से मुक्ति?’ विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास की संकीर्णताओं से बाहर निकलने का रास्ता इतिहास को नकारने में नहीं, बल्कि उसका विवेकपूर्ण अध्ययन करने में है। अतीत को सही ढंग से समझकर ही मनुष्य उसके अनावश्यक दबाव से मुक्त हो सकता है।

नीत्शे, क्रोचे, विद्यानिवास मिश्र और कुबेरनाथ राय के विचारों के संदर्भ में उन्होंने इतिहास, संस्कृति और मानवीय स्वतंत्रता के प्रश्नों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नीत्शे ने सृजन के लिए विस्मरण को आवश्यक माना, वहीं क्रोचे ऐतिहासिक ज्ञान के माध्यम से अतीत से मुक्ति की संभावना देखते हैं।

प्रो. पटेल ने भारतीय संस्कृति को किसी एक परंपरा की उपज मानने के बजाय अनेक धाराओं का संगम बताया। कुबेरनाथ राय के चिंतन का उल्लेख करते हुए उन्होंने आर्य, द्रविड़, निषाद और किरात परंपराओं के योगदान को रेखांकित किया। उनके अनुसार, भारतीय संस्कृति किसी एक नदी का विस्तार नहीं, बल्कि अनेक नदियों का संगम है। साथ ही, संगम से बाहर बहने वाली नदियों का भी अपना स्वतंत्र अस्तित्व है।

दक्षिण-पूर्व एशिया में रामकथा के प्रसार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दूसरे समाजों की सृजनशीलता को केवल भारतीय संस्कृति के विस्तार के रूप में देखना उचित नहीं है। इसी क्रम में उन्होंने विद्यानिवास मिश्र की ‘पर’ को ‘आत्म’ मानने की अवधारणा पर चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि अहंकार का त्याग और दूसरे की भिन्नता का त्याग एक बात नहीं है। वास्तविक आत्मीयता दूसरे को उसकी विशिष्टता के साथ स्वीकार करने में है।

उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर की भारत-दृष्टि को ‘समुद्र दृष्टि’ की संज्ञा देते हुए इस पर गंभीर विमर्श की आवश्यकता जताई। उनका कहना था कि सांस्कृतिक निरंतरता की चर्चा करते समय इतिहास के संघर्षों और विच्छेदों को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। व्यापक मानवीय चेतना का निर्माण विविधताओं को मिटाकर नहीं, बल्कि उन्हें स्वीकार करके ही संभव है।

दूसरे ऑनलाइन सत्र में हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर (मध्य प्रदेश) के प्रोफेसर अंबिका दत्त शर्मा ने भारतीय ज्ञान परंपरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का विकास वैदिक काल से लेकर विभिन्न ज्ञान-विज्ञान की धाराओं के माध्यम से हुआ है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय ज्ञान प्रणाली को केवल अतीत की धरोहर मानकर नहीं छोड़ना चाहिए। इसके संरक्षण, अध्ययन और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में समावेश की आवश्यकता है। यह परंपरा वर्तमान की अकादमिक जरूरतों के साथ-साथ भविष्य के ज्ञान-विकास का भी आधार बन सकती है।

तीसरे ऑनलाइन सत्र में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से जुड़े श्री जितेंद्र कुमार ने उच्च शिक्षा में आईटीसी (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) के प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की उपयोगिता और शैक्षणिक प्रक्रियाओं में इसके महत्व से संबंधित विभिन्न पहलुओं को सामने रखा।

दिन के अंतिम ऑफलाइन सत्र में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, बोधगया के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुधांशु कुमार झा ने ऐतिहासिक अनुसंधान की पद्धति और शोधकर्ता की आलोचनात्मक दृष्टि पर विचार रखे।

उन्होंने कहा कि एक शोधकर्ता को किसी भी ऐतिहासिक मान्यता अथवा स्थापित तथ्य को बिना परीक्षण स्वीकार नहीं करना चाहिए। प्रमाण, तर्क, स्रोतों की तुलना और वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर ही शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए जाने चाहिए।

प्रो. झा ने स्पष्ट किया कि ऐतिहासिक अनुसंधान केवल अतीत की घटनाओं का विवरण नहीं है, बल्कि स्रोतों के वैज्ञानिक परीक्षण, तुलनात्मक अध्ययन, तथ्य-सत्यापन और तार्किक विश्लेषण के जरिए ऐतिहासिक सत्य की खोज की प्रक्रिया है। उन्होंने एक अच्छे शोधकर्ता के लिए तीन अनिवार्य आधार बताए – प्रामाणिक स्रोत, आलोचनात्मक दृष्टिकोण और निष्पक्ष निष्कर्ष।

चारों अकादमिक सत्रों का संचालन क्रमशः डॉ. कुमार कार्तिक, डॉ. विवेक कुमार सिंह, डॉ. नीतू कुमारी एवं डॉ. सुनीता कुमारी ने मॉडरेटर के रूप में किया। सत्रों के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ विषयगत प्रश्नों और विचारों पर सार्थक संवाद किया।

आयोजकों के अनुसार, इस अकादमिक विमर्श से अंतरविषयक शोध, भारतीय ज्ञान प्रणाली की समझ और नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम विकास को नई दिशा देने में मदद मिलेगी।

पूरे कार्यक्रम का संचालन एफडीपी समन्वयक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम से संबंधित सूचनाएं सह-समन्वयक डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी ने साझा कीं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: