5
(1)



पूर्णिया।आरोग्य भारती उत्तर बिहार प्रांत के तत्वावधान में स्थानीय श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पूर्णिया में आयोजित एक दिवसीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित करने के साथ की गई।


इस अवसर पर अखिल भारतीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आरोग्य भारती का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने संगठन के विभिन्न आयामों और अनिवार्य कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पर्यावरण प्रमुख श्री प्रवीण प्रभाकर ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य और पर्यावरण के गहरे संबंधों पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता बताई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर बिहार प्रांत अध्यक्ष डॉ. स्वामी विवेकानंद ने की। उन्होंने प्रांत में चल रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना साझा की और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

उत्तर बिहार प्रांत के सह सचिव डॉ. सनोज कुमार यादव ने गीत एवं अनुभव साझा कर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से प्राप्त अनुभव ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं।


मंच संचालन प्रांत सचिव श्री संजय सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अभ्यास वर्ग से प्राप्त मार्गदर्शन संगठन के कार्यों को नई दिशा देगा।

इस आयोजन को सफल बनाने में प्रांत सह सचिव डॉ. चंद्रकिशोर एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: