


पूर्णिया।कला भवन साहित्य विभाग की मासिक संगोष्ठी के अंतर्गत आगामी 10 मई 2026 (रविवार) को कालजयी कवि एवं नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर की स्मृति में स्थानीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मातृ दिवस के अवसर पर ‘मां’ विषय पर स्वलिखित कविताओं का विशेष पाठ भी होगा।

आयोजकों के अनुसार संगोष्ठी का उद्देश्य साहित्यिक चेतना को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी के रचनाकारों को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएनएमयू के प्रथम लोकपाल डॉ. शिव मुनि यादव करेंगे, जबकि साहित्य अकादमी, नई दिल्ली से जुड़े प्रख्यात साहित्यकार डॉ. देवेंद्र कुमार देवेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में पूर्णिया विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. कामेश्वर पंकज, शिक्षाविद डॉ. प्रभात नारायण झा, भरगामा प्रखंड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शंभू लाल वर्मा तथा पूर्णिया विश्वविद्यालय अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. उषा शरण शामिल होंगे।

कार्यक्रम 10 मई को अपराह्न 2:00 बजे से कला भवन साहित्य विभाग के मीटिंग हॉल में आयोजित होगा। आयोजन की संयोजिका डॉ. निरुपमा राय ने जिले के साहित्यकारों, कवियों एवं साहित्य प्रेमियों से मां को समर्पित स्वलिखित कविता तथा रवींद्रनाथ टैगोर की किसी संक्षिप्त कविता के पाठ के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन साहित्यिक संवाद, संवेदनशील अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।















